ताजा खबर

जालसाज महिला, सास-बहू को पुराने जेवर के फोटो भेज असली ले भागी
06-Jun-2026 5:19 PM
जालसाज महिला, सास-बहू को पुराने जेवर के फोटो भेज असली ले भागी

4 लाख की चपत 

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर , 6 जून ।  जालसाज महिला ने सास-बहू को पुराने जेवर का फोटो भेज कर शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपए से ज्यादा कीमत के सोने के जेवर लेकर फरार हो गई। घटना माना थाना  के धरमनगर में दो जून की है। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस  अपराध दर्ज कर जालसाज महिला की तलाश कर रही है।

 धरमनगर निवासी कमला साहू ने ने पुलिस को बताया कि, वह स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने का काम करती है। वह 2 जून सुबह 11 बजे वह अपनी बहू गरिमा साहू के साथ घर पर थी। इसी दौरान एक अज्ञात महिला पहुंची और बर्तन लेने की बात करते हुए बातचीत शुरू की। महिला ने खुद को सरकारी योजना से जुड़ा बताते हुए कहा कि पुराने सोने के गहनों की फोटो खींचकर भेजने पर शासन की ओर से चार लाख रुपए की सहायता राशि मिलेगी। उसके झांसे में आकर कमला साहू और उनकी बहू ने घर में रखे सोने के गहने अज्ञात महिला के सामने फोटो खीचने के लिए रख दिए। कमला और उसकी बहू ने अज्ञात महिला के सामने सोने के जेवर फोटो खींचने के लिए बिस्तर पर रखे थे। इसी दौरान गरिमा का छोटा बच्चा रोने लगा। बच्चे के रोने पर गरिमा अपने बच्चे को चुप कराने मुड़ी। इस दौरान कमला का भी ध्यान भटक गया। मौका देख शातिर अज्ञात महिला ने दोनों सास-बहू को नशीला पदार्थ छिड़क कर बेहोश कर दिया। सास-बहू के बेहोश होने पर जालसाज महिला सोने के जेवर लेकर मौके से फरार हो गई। करीब आधा घंटे बाद जब दोनों महिलाओं को होश आया, तो घर में रखे सभी सोने के जेवर गायब मिले। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है।


अन्य पोस्ट