ताजा खबर

पेड़ की छांव में मुख्यमंत्री की चौपाल, निमधा को नर्सिंग कॉलेज-मिनी स्टेडियम
06-Jun-2026 4:55 PM
पेड़ की छांव में मुख्यमंत्री की चौपाल, निमधा को नर्सिंग कॉलेज-मिनी स्टेडियम

राजस्व अफसरों को फटकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 जून। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा में आम के पेड़ की छांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बिजली, पानी, सडक़, राशन, स्वास्थ्य और आवास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनचौपाल में ग्रामीणों और मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने नर्सिंग कॉलेज, मिनी स्टेडियम और मंगल भवन की मांग रखी, जिसे मुख्यमंत्री ने तत्काल मंजूरी देते हुए घोषणा की। राजस्व संबंधी शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समय पर निराकरण नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें ‘लखपति’ से आगे बढक़र ‘करोड़पति दीदी’ बनने का लक्ष्य रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सफलता की कहानियों पर आधारित ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट