ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 6 जून। न्यायधानी बिलासपुर में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। इस बार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कारोबारी को निशाना बनाते हुए उस पर जानलेवा हमला किया और नकदी, सोने की चेन तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना कोनी थाना क्षेत्र के बिरकोना-कोनी मार्ग की है, जहां शाम करीब 4:15 बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार कातियापारा (जूना बिलासपुर) निवासी अभिषेक गुप्ता गोड़पारा में खोवा और दुग्ध उत्पादों का कारोबार करते हैं। 4 जून की दोपहर वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से कोनी स्थित देवभोग डेयरी में घी खरीदने जा रहे थे। उनके पास घी खरीदने के लिए 1 लाख 66 हजार रुपये नकद थे।
बताया गया है कि अभिषेक जैसे ही बिरकोना-कोनी रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी शराब दुकान की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर जान से मारने की धमकी दी।
खतरा भांपते हुए अभिषेक ने वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर चलते वाहन के दौरान ही एक आरोपी ने उनके सिर पर लाठी से जोरदार वार कर दिया। इससे वे नियंत्रण खो बैठे और रुक गए।
पीड़ित के रुकते ही चारों बदमाश उस पर टूट पड़े। आरोपियों ने लाठी और धारदार हथियार से हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया। हमले में अभिषेक के सिर, गर्दन, पीठ और हाथ में चोटें आईं। जब वह घायल अवस्था में पड़ा था, तब आरोपियों ने उसकी जेब से 1.66 लाख रुपये नकद, गले की सोने की चेन और महंगा मोबाइल फोन छीन लिया।
घटना के बाद घायल कारोबारी किसी तरह कोनी थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब तक अपराधी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि हाल के महीनों में कई बड़ी चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में भी जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।


