ताजा खबर

महिला की फोटो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर किया वायरल, आरोपी गिरफ्तार
06-Jun-2026 12:55 PM
महिला की फोटो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर किया वायरल, आरोपी गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 6 जून। सोशल मीडिया के जरिए एक महिला की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के मामले में तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर महिला की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे सक्ती जिले से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित चुकेंद्र साहू उर्फ प्रांशु ने उसकी फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने यह कृत्य महिला की सामाजिक छवि धूमिल करने और उसे बदनाम करने की नीयत से किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत मिलते ही अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।  जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को 4 जून को ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धारा 67 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

 


अन्य पोस्ट