ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 6 जून। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर से वटवा (अहमदाबाद) के बीच एक विशेष समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का उद्देश्य यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराना और कन्फर्म बर्थ के साथ यात्रा की सुविधा देना है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 08265 बिलासपुर-वटवा (अहमदाबाद) समर स्पेशल ट्रेन का संचालन एक तरफा एक फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन 11 जून 2026, गुरुवार को बिलासपुर से रवाना होगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में इस विशेष ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर दिया गया है। इससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को अहमदाबाद और गुजरात के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। ट्रेन में 4 जनरल बोगी और 14 स्लीपर कोच होंगे।
समर स्पेशल ट्रेन 11 जून को सुबह 10:45 बजे बिलासपुर से रवाना होगी। इसके बाद यह रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, बडनेरा, अकोला, भुसावल, जलगांव, अमलनेर, नंदूरबार, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद और नडियाद स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 9:45 बजे वटवा (अहमदाबाद) पहुंचेगी।


