ताजा खबर

यूपी का सुरहाताल बना भारत का 100वां रामसर स्थल
06-Jun-2026 11:33 AM
यूपी का सुरहाताल बना भारत का 100वां रामसर स्थल

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में स्थित जय प्रकाश नारायण पक्षी अभयारण्य (सुरहाताल) को देश का 100वां रामसर स्थल घोषित किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बारे में अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "यह वेटलैंड पक्षी विविधता के मामले में असाधारण रूप से समृद्ध है, जो कई प्रवासी और स्थानीय पक्षियों को आकर्षित करता है."

रामसर साइट का दर्जा पाने वाले वेटलैंड अंतरराष्ट्रीय महत्व रखते हैं और उनके संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्राप्त होता है. दुनिया भर में रामसर साइट की संख्या 2,500 से ज्यादा है, जो करीब 25 लाख वर्ग किलोमीटर से ज्यादा के क्षेत्र में फैले हैं. भारत में सबसे ज्यादा तमिलनाडु में 20 रामसर साइट हैं. इसके अलावा, यूपी में 13, बिहार और पंजाब में छह-छह और जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश में पांच-पांच रामसर साइट हैं. 

दुनिया भर के वेटलैंड और उनके संरक्षण के लिए 2 फरवरी 1971 को ईरान के शहर रामसर में एक संधि के तहत रामसर साइट के निर्धारण और उनके बचाव के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे. भारत में फरवरी 1982 में यह समझौता लागू किया गया था. किसी भी वेटलैंड को रामसर साइट की लिस्ट में शामिल होने के लिए कई मानकों पर खरा उतरना होता है. (dw.com/hi) 


अन्य पोस्ट