ताजा खबर

नई कोयला खदानों- थर्मल पावर प्लांटों पर रोक लगाएं..
05-Jun-2026 8:35 PM
नई कोयला खदानों- थर्मल पावर प्लांटों पर रोक लगाएं..

हमर राज पार्टी की सरकार से मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 जून। हमर राज पार्टी ने राज्य सरकार से छत्तीसगढ़ में नई कोयला खदानों और थर्मल पावर प्लांटों को मंजूरी नहीं देने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि राज्य में पहले से संचालित कोयला खदानों और ताप विद्युत संयंत्रों के कारण पर्यावरणीय असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है।

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पार्टी के संरक्षक अरविंद नेताम, अध्यक्ष अकबर राम कोर्राम, महासचिव विनोद नागवंशी और प्रदेश अध्यक्ष ए.एस. रावटे सहित अन्य नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि प्रदेश में वर्तमान में प्रतिवर्ष लगभग 18 सौ लाख टन कोयले का उत्पादन हो रहा है, जो झारखंड के बाद देश में दूसरा सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में लगभग 30 हजार मेगावाट क्षमता के कोयला आधारित पावर प्लांट संचालित हैं, जिनमें प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में कोयले की खपत हो रही है।

नेताम, और अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि कोयला खनन और ताप विद्युत संयंत्रों से निकलने वाले प्रदूषक तत्व पर्यावरण और जल स्रोतों को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के कारण कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और सल्फर डाइऑक्साइड जैसी गैसों का उत्सर्जन बढ़ रहा है, जिससे वैश्विक तापमान वृद्धि और पर्यावरणीय संकट गहरा रहा है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि ताप विद्युत संयंत्रों में बड़ी मात्रा में पानी का उपयोग होने से सिंचाई क्षमता प्रभावित हो रही है। साथ ही कोयला खनन परियोजनाओं के विस्तार के कारण आदिवासी क्षेत्रों में विस्थापन की समस्या बढ़ रही है और प्रभावित लोगों को पर्याप्त रोजगार नहीं मिल पा रहा है।

 पार्टी ने  सरकार पर प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य और केंद्र सरकार को पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय समुदायों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि नई कोयला खदानों और थर्मल पावर प्लांटों को मंजूरी देने की नीति जारी रही तो वह इसके विरोध में आंदोलन करेगी।


अन्य पोस्ट