ताजा खबर
एसडीएम के आश्वासन पर माने
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजपुर, 5 जून। नगर पंचायत राजपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रविन्द्र लाल पर बस स्टैंड व्यवसायियों द्वारा लगाए गए दुर्व्यवहार एवं मानसिक प्रताडऩा के आरोपों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन शुक्रवार को एसडीएम के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
व्यवसायियों ने गुरुवार को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया था कि सीएमओ द्वारा उनके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया जा रहा है तथा मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। आरोपों के विरोध में व्यवसायियों ने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी।
घोषणा के अनुसार शुक्रवार सुबह से प्रतीक्षा बस स्टैंड की सभी दुकानें बंद रहीं। इसके कारण यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को खाद्य सामग्री सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंदोलन के दौरान एसडीएम राजपुर देवेंद्र प्रधान एवं नायब तहसीलदार नरेंद्र कंवर मौके पर पहुंचे और व्यवसायियों से चर्चा की। करीब तीन घंटे चली वार्ता के दौरान एसडीएम ने मामले की जांच कराने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होने देने का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद व्यवसायियों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। हालांकि शुक्रवार को बस स्टैंड की दुकानें बंद रहीं और व्यवसायियों ने अगले दिन से सामान्य रूप से दुकान संचालन शुरू करने की जानकारी दी।
आंदोलन के दौरान पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता एवं राहुल भारती सहित बस स्टैंड के व्यवसायी अशोक कश्यप, बबलू यादव, अंकुर सोनी, मुन्ना गुप्ता, बबलू केशरी, सतेंद्र कश्यप, लवकुश सोनी, संदीप गुप्ता, हरीश गुप्ता, विकास ठाकुर, राजेश यादव, नंदलाल सोनी, विक्रम गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


