ताजा खबर

भाजपा के 20 मंडलों में हुआ वृक्षारोपण
05-Jun-2026 8:16 PM
भाजपा के 20 मंडलों में हुआ वृक्षारोपण

पर्यावरण दिवस 

रायपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर जिला भाजपा द्वारा ज सभी 20 मंडलों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, उद्यानों, विद्यालय परिसरों और सामाजिक संस्थानों में फलदार, छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी आवश्यक हैं।

श्री ठाकुर ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक परिवार अपनी माता के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण के लिए ऐसे अभियान चलाता रहेगा।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा के सभी सातों मोर्चों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी मोर्चों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट