ताजा खबर
श्रीनगर, 5 जून। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी आठ जून को दिल्ली में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में शामिल होगी।
अब्दुल्ला ने यहां हजरतबल में पत्रकारों से कहा, ‘‘बैठक होने वाली है। उमर (अब्दुल्ला) या मैं, हम में से कोई एक जाएगा। जाहिर है, हम उसका (इंडिया गठबंधन) हिस्सा हैं। हम वहां मौजूद रहेंगे।’’
विपक्ष के नेता सुनील शर्मा की अनुच्छेद 370 के मुद्दे को ‘‘दफना दिए जाने’’ वाली टिप्पणी पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पार्टी जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे के मुद्दे को आखिरी सांस तक उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस दिन हम सब कश्मीर में दफन हो जाएंगे, उसी दिन यह (अनुच्छेद 370 मुद्दा) भी दफन होगा।’’
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बुधवार को घोषणा की कि उसके विधायक राज्य का दर्जा और विशेष दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेंगे। (भाषा)


