ताजा खबर

अहमदाबाद में रसायन बनाने वाले कारखाने में विस्फोट, एक श्रमिक की मौत, तीन अन्य घायल
05-Jun-2026 7:19 PM
अहमदाबाद में रसायन बनाने वाले कारखाने में विस्फोट, एक श्रमिक की मौत, तीन अन्य घायल

अहमदाबाद, 5 जून। गुजरात के अहमदाबाद में एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रसायन बनाने वाले कारखाने में शुक्रवार को हुए विस्फोट में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना नरोडा जीआईडीसी में स्थित 'एमएनएस इंटरमीडिएट्स' के कारखाने में हुई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कारखाने के भीतर रासायनिक विलायक से भरे एक टैंक में विस्फोट हो गया।

उन्होंने कहा, ‘‘विस्फोट में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनमें से एक की मौत हो गई।’’

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के बाद कारखाना परिसर में हाइड्रोजन से भरे एक ट्रक में भी आग लग गई।

दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। (भाषा)


अन्य पोस्ट