ताजा खबर
अंबिकापुर, 5 जून। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया (जॉन्डिस) के बढ़ते प्रकोप ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। नर्मदापुर, कुनिया, बरिमा, बईगहवा सहित आसपास के कई गांवों में दर्जनों लोग पीलिया से पीडि़त बताए जा रहे हैं।
बीमारी के कारण एक माह में उप सरपंच और एक छात्र सहित चार लोगों की मौत रायपुर में होने की खबर है। लगातार बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और प्रभावित गांवों में मेडिकल टीमों को भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुनिया गांव के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव की पीलिया से मौत हो गई। वहीं नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव ने भी बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। इसके अलावा बईगहवा गांव की एक युवती तथा बरिमा निवासी कक्षा नौवीं के छात्र विकास यादव की भी मौत होने की खबर है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लोग पीलिया जैसी बीमारी से प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन समय रहते स्थिति की गंभीरता पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
बीमारी की चपेट में आए कई मरीजों का इलाज अंबिकापुर के निजी अस्पतालों में चल रहा है, जबकि कुछ गंभीर मरीजों को रायपुर रेफर किया गया है। प्रभावित गांवों में लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।
मरीज उदय भान यादव और सुभाष यादव ने बताया कि गांव में बड़ी संख्या में लोग बुखार, कमजोरी और आंखों में पीलापन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि कई परिवारों में एक से अधिक सदस्य बीमार हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
अंबिकापुर स्थित निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने बताया कि हाल के दिनों में पीलिया के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। चिकित्सकों के अनुसार दूषित पानी और अस्वच्छ खानपान इस बीमारी के प्रमुख कारण हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से उबला या स्वच्छ पानी पीने तथा स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने मैनपाट क्षेत्र में पीलिया फैलने की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित गांवों में भेज दिया गया है। टीम द्वारा मरीजों की जांच, उपचार, पानी के स्रोतों की जांच तथा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।


