ताजा खबर
एसडीएम पर भी कार्रवाई की चर्चा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 5 जून। सरगुजा जिले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके वर्तमान दायित्व से हटाकर कलेक्टर कार्यालय अंबिकापुर में अटैच कर दिया है। वहीं सूत्रों के अनुसार एसडीएम फागेश सिन्हा के तबादले की भी संभावना जताई जा रही है और इस संबंध में आदेश जल्द जारी हो सकता है।
गौरतलब है कि विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच विवाद उस समय सुर्खियों में आया था, जब मानिक ने विधायक एवं उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। दूसरी ओर विधायक ने आरोप लगाया था कि नायब तहसीलदार ने उनकी चचेरी बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया था। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज की गई थी।
विवाद के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों ने आरोपी पक्ष की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी थी। राजस्व मंत्री से कार्रवाई के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त हुई और अधिकारी-कर्मचारी पुन: कार्य पर लौट आए।
इसी बीच बुधवार को विधायक रामकुमार टोप्पो ने कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर नायब तहसीलदार तुषार मानिक और एसडीएम फागेश सिन्हा को हटाने की मांग की थी। इसके बाद कलेक्टर ने तुषार मानिक को हटाने का आदेश जारी किया, जिसे शुक्रवार को सार्वजनिक किया गया। राजापुर उप तहसील का अतिरिक्त प्रभार अब सीतापुर तहसीलदार उमेश बाज को सौंपा गया है।
हड़ताल समाप्त होने के बाद गुरुवार से सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी अपने कार्य पर लौट आए हैं। शुक्रवार को तहसीलों में लंबित कार्यों के निपटारे के लिए लोगों की भारी भीड़ देखी गई।
उल्लेखनीय है कि विवाद के दौरान विधायक रामकुमार टोप्पो ने गिरफ्तारी देने की घोषणा भी की थी, लेकिन बतौली में समर्थकों द्वारा रोके जाने के कारण उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया। मामले को लेकर अब भी राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।


