ताजा खबर

विदेश मंत्री की दखल के हफ्ते भर बाद भी दिवंगत डिजाइनर का पार्थिव शरीर लाने में देरी
05-Jun-2026 5:31 PM
विदेश मंत्री की दखल के हफ्ते भर बाद भी दिवंगत डिजाइनर का पार्थिव शरीर लाने में देरी

पुर्तगाल में हुआ था निधन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जून। पुर्तगाल में हार्ट अटैक से दिवंगत हुए रायपुर के इंटीरियर डिजाइनर के शव का पोस्टमार्टम के बाद भी रायपुर नहीं लाया सका है। बताया गया कि प्रक्रिया में हो रही देरी पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी हस्तक्षेप किया था।  निहलानी के पार्थिव शरीर के सोमवार को रायपुर पहुंचने की संभावना है।

शैलेन्द्र नगर निवासी 41 वर्षीय अजय सुंदर निहलानी का विगत शुक्रवार को पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में निधन हो गया था। वे करीब 40 लोगों के समूह के साथ पुर्तगाल भ्रमण पर गए थे। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

दिवंगत के भाई संजय कुमार निहलानी ने पार्थिव शरीर की सुपुर्दगी और भारत वापसी (रिपैट्रिएशन) की प्रक्रिया के लिए नीरज बाजपेयी को परिवार का अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया था। हालांकि पुर्तगाल के नियमों के अनुसार पोस्टमार्टम अनिवार्य होने के कारण पार्थिव शरीर की वापसी में विलंब हो रहा था।

प्रक्रिया में देरी होने पर परिजनों ने स्पीकर डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर सहायता का अनुरोध किया। इसके बाद डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा की, और फिर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के  हस्तक्षेप के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम तो हो गया, लेकिन शव के वाइरस टेस्ट की शर्त जोड़ दी गई। यह टेस्ट लिस्बन से 5 सौ किमी दूर अस्पताल में चल रहा है।

निहलानी परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक  पूरी प्रक्रिया होने अजय सुंदर निहलानी का पार्थिव शरीर लिस्बन से दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। इसके बाद सोमवार को रायपुर पहुंचने की उम्मीद है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


अन्य पोस्ट