ताजा खबर

शादी में शामिल होने आई महिला सूखे कुएं में गिरी, ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला
05-Jun-2026 4:21 PM
शादी में शामिल होने आई महिला सूखे कुएं में गिरी, ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 5 जून। जिला मुख्यालय कोण्डागांव से लगे जोंदरापदर गांव में गुरुवार रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब समारोह में शामिल होने आई महिला अचानक सूखे कुएं में गिर गई। घटना रात लगभग 10 बजे के बाद की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पीडि़ता जयमती सोरी कीड़ईछेपड़ा गांव से जोंदरापदर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थी। इसी दौरान वह लगभग 15 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हडक़ंप मच गया और तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी गई।

डायल 112 के आने से पहले ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। इसके बाद 112 की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।

कुएं में गिरने से महिला को चोटें आई हैं। घायल महिला को जिला अस्पताल कोण्डागांव पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जोंदरापदर गांव की है।

 फिलहाल, महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद शादी समारोह में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।


अन्य पोस्ट