ताजा खबर

हार से बौखलाई कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, बिलासपुर में सीएम साय का विपक्ष पर तीखा हमला
05-Jun-2026 12:54 PM
हार से बौखलाई कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, बिलासपुर में सीएम साय का विपक्ष पर तीखा हमला

मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले- इंतजार कीजिए
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 5 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल होकर विकास कार्यों की सौगात दी और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। वहीं पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस और एनएसयूआई के हालिया आंदोलन पर तीखा हमला भी बोला।

पत्रकारों ने जब संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सवाल किया तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, थोड़ा इंतजार कीजिए, आगे क्या होता है, सबको पता चल जाएगा।

शहर में हाल ही में हुए एनएसयूआई प्रदर्शन और लाठीचार्ज की घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के कारण कांग्रेस बौखलाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के भीतर इतना अधिक आंतरिक संघर्ष है कि उसके नेता आपस में ही उलझे हुए हैं। जनता से जुड़े मुद्दों के अभाव में कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए निराधार आरोप लगा रही है।

हाल ही में घोषित नगरीय निकाय चुनाव परिणामों पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच नगर पंचायतों में से तीन में भाजपा समर्थित पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यों पर जनता की मुहर है।

उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ स्थानों पर कांग्रेस को भी सफलता मिली है, लेकिन कुल मिलाकर भाजपा को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ है।

कानून व्यवस्था के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार कानून के शासन में विश्वास करती है। किसी भी अपराध या घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाती है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

उन्होंने कहा कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि उसका अपराध सिद्ध होता है तो उसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार को सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों के जरिए प्रशासनिक योजनाओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक सीधे लोगों से लिया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि लोगों का विश्वास सरकार पर लगातार मजबूत हो रहा है।


अन्य पोस्ट