ताजा खबर

प्रेमी जोड़े की खुदकुशी
04-Jun-2026 6:53 PM
प्रेमी जोड़े की खुदकुशी

एक ही पेड़ पर लटकी मिली लाश

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
उदयपुर, 4 जून (सरगुजा)।
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरगवां में गुरुवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव एक ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान किशन दास (23 वर्ष), निवासी बेलपतरा पारा, उदयपुर तथा अंजनी दास (20 वर्ष), निवासी रघुनाथपुर जूनापारा, प्रेमनगर जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों के शव एक ही पेड़ की डाल पर फंदे से झूलते हुए देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना स्थल की जांच के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विरोध, सामाजिक दबाव या कोई अन्य कारण था।

उदयपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


अन्य पोस्ट