ताजा खबर

हाइवा की आमने-सामने टक्कर
04-Jun-2026 2:41 PM
हाइवा की आमने-सामने टक्कर

फंसे चालकों को सुरक्षित निकाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 4 जून।
गोबरा नवापारा क्षेत्र के नवागांव मुख्य मार्ग पर बुधवार देर रात दो हाइवा वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक केबिन में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना के समय राजिम विधायक रोहित साहू रायपुर से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी नजर हादसे पर पड़ी, उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे में दोनों हाइवा वाहन के चालक केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। विधायक रोहित साहू स्वयं मौके पर मौजूद रहे और ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक से डेढ़ घंटे तक लगातार राहत कार्य में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायल चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल 112 वाहन के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से दोनों चालकों की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। 

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में से एक हाइवा रेत से लदा हुआ था, जबकि दूसरा वाहन खाली था। हादसे में एक चालक के पैर में फ्रैक्चर आया है। घायलों में एक चालक तुलसी बारहडेरा और दूसरा तामानिवनी का निवासी बताया जा रहा है।


अन्य पोस्ट