ताजा खबर

निगम के बड़े बकायादारों पर होगी कार्रवाई, रोजाना 1 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य
04-Jun-2026 2:41 PM
निगम के बड़े बकायादारों पर होगी कार्रवाई, रोजाना 1 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य

30 जून तक संपत्तिकर जमा करने पर मिलेगी 6.25 प्रतिशत की छूट

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर , 4 जून । निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने आज  टीएल (समय-सीमा) बैठक लेकर विभिन्न विषयों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए। 

बैठक में आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को संपत्ति कर के बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर बकाया राजस्व की वसूली के लिए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी 10 जोनों को मिलाकर प्रतिदिन एक करोड़ रुपए की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया।

आयुक्त ने कहा कि 30 जून 26 तक वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्तिकर जमा करने वाले करदाताओं को 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ दिया जाए।  साथ ही सभी जोन कमिश्नरों और राजस्व अमले को राजस्व वसूली पर लगातार फोकस बनाए रखने को कहा।

मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने पहली बारिश से पहले अधिक से अधिक स्थानों पर वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) प्रणाली स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां भी प्राथमिकता के आधार पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने को कहा, ताकि भूजल स्तर में सुधार लाया जा सके।
आयुक्त ने सभी जेसी को अवैध निर्माण के मामलों पर नियमानुसार  सख्त कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट