ताजा खबर

शिवनंदनपुर में भाजपा का कब्जा, रितेश जायसवाल अध्यक्ष
04-Jun-2026 2:33 PM
शिवनंदनपुर में भाजपा का कब्जा, रितेश जायसवाल अध्यक्ष

 वार्डों में कांग्रेस को बढ़त, 8 पार्षद जीतकर आए, भाजपा के 7
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 4 जून।
सूरजपुर जिले की नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के पहले नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए नगर पंचायत की सत्ता पर कब्जा जमा लिया है। भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी को 362 मतों से पराजित कर नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।
गुरुवार को हुई मतगणना में शुरुआती रुझानों से ही भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए रहे। आधिकारिक परिणामों के अनुसार रितेश जायसवाल को 2028 मत, कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी को 1666 मत तथा आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सतपाल साहू को 214 मत प्राप्त हुए। वहीं 29 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। कुल 3937 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और जीत का जश्न मनाया।

वार्डों में कांग्रेस को बढ़त, अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में
नगर पंचायत के 15 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 8 वार्डों और भाजपा ने 7 वार्डों में जीत हासिल की। हालांकि अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत ने पूरे चुनाव का समीकरण बदल दिया।
मतगणना के दौरान वार्ड क्रमांक 5, 6, 9 और 13 में कांग्रेस को बढ़त मिली, जबकि अधिकांश अन्य वार्डों में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया।
प्रमुख विजेता
भाजपा विजेता वार्ड
वार्ड 1 - श्यामू साहू, वार्ड 2 - प्रमिला साहू, वार्ड 4 -मंजू खेमचंद गोयल, वार्ड 7 - अंजली राजवाड़े, वार्ड 10 - वर्षा जायसवाल, वार्ड 12 - मनी बग्गा, वार्ड 15 - प्रशांत अग्रवाल
कांग्रेस विजेता वार्ड
वार्ड 3 - अंशुल गोयल, वार्ड 5 - विमला देवी, वार्ड 6 - विजेंद्र सिंह, वार्ड 8 -हर्ष दानोदिया, वार्ड 9 - संतोष जायसवाल (बबलू), वार्ड 11 - चंदन सिंह, वार्ड 13 - अहमद वाहिद, वार्ड 14 - दीपमाला सोनी

हाई-प्रोफाइल चुनाव बना प्रदेश भर में चर्चा का विषय
शिवनंदनपुर का यह चुनाव पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र रहा। चुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव और दीपक बैज सहित कई नेताओं ने बिश्रामपुर थाने के सामने ढाई दिनों तक धरना-प्रदर्शन आमरण अनशन किया था, जिससे चुनावी माहौल काफी गरमा गया था।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रमों का असर मतदाताओं के निर्णय पर भी पड़ा। हालांकि कांग्रेस ने अध्यक्ष पद गंवाया, लेकिन वार्ड स्तर पर पार्टी ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए 15 में से 8 वार्डों में जीत हासिल की।

भाजपा की जीत में मंत्रियों और संगठन की सक्रिय भूमिका
भाजपा की जीत के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा पर विश्वास जताकर विकास की राजनीति को समर्थन दिया है।
चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित संगठन के नेताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े चुनाव घोषणा से पहले ही क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहीं।
जीत के बाद निकली आभार रैली
परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा ने भव्य आभार रैली निकाली। मतगणना स्थल से ढोल-नगाड़ों और पटाखों के बीच निकली रैली हनुमान मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के बाद नगर भ्रमण कर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया गया।
रैली में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी, बाबूलाल अग्रवाल, ठाकुर राजवाड़े, अनूप सिन्हा,शैलेश अग्रवाल, रितेश गुप्ता,दीपेंद्र सिंह चौहान, शशिकांत गर्ग सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव में अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत और वार्डों में कांग्रेस की बढ़त ने स्थानीय राजनीति को नया स्वरूप दिया है। अब नगर पंचायत के विकास और संचालन पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
 


अन्य पोस्ट