ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कुरुद, 4 जून। कुरुद के भैंसबोड की महिला सरपंच ने अपने सहयोगी पंचों के साथ आज सुबह भाजपा प्रवेश कर लिया। विधायक अजय चन्द्राकर ने सभी पंचायत पदाधिकारियों का भगवा गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
गुरुवार सुबह कुरुद स्थित विधायक निवास में ग्राम पंचायत भैंसबोड की सरपंच गंगा बाई साहू ने अपने सहयोगी पंच संतराम साहू, ज्योति ध्रुवंशी, यशोदा दीवान, विद्या साहू के साथ अपनी पुरानी विचारधारा को छोड़ बीजेपी प्रवेश कर लिया।
ज्ञात हो कि कुछ दिनों पहले भखारा क्षेत्र की पंचायत पचपेड़ी के सेवानिवृत प्रधान पाठक बीआर साहू ने भी भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और विधायक के विकास परक सोच से प्रभावित होकर भगवा धारण कर लिया था। इसके पूर्व भी लंबे समय से कांग्रेस में रहे कई नेता भी अजय के साथ हो लिए, कुछ अभी भी उचित समय या मंच के इंतजार में हैं।
इन सब घटनाक्रम के बीच दोनों ही प्रमुख राजनीतिक पार्टी चुनाव में संगठन की अहम भूमिका को स्वीकारते हुए अपना कुनबा बढ़ाने के प्रयास में जुटी हुई है। भाजपा की मिशनरी इस काम में हमेशा आगे रही है। अब कांग्रेस भी देखा-देखी इसी रास्ते पर अग्रसर है। संगठन सृजन अभियान के तहत नये लोगों को पार्टी में जोडऩे की कोशिश हो रही है।


