ताजा खबर

फ़िल्म अभिनेता प्रकाश राज ने कॉकरोच जनता पार्टी को दिया समर्थन, जानिए क्या कहा
04-Jun-2026 10:58 AM
फ़िल्म अभिनेता प्रकाश राज ने कॉकरोच जनता पार्टी को दिया समर्थन, जानिए क्या कहा

फ़िल्म अभिनेता प्रकाश राज ने कहा है कि वो 'कॉकरोच जनता पार्टी' को समर्थन देने की घोषणा की है और कहा है कि वो इसके लिए 6 जून को दिल्ली आने की कोशिश करेंगे.

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की है कि वो 6 जून को भारत लौटेंगे और दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करके शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की मांग करेंगे.

अभिजीत दीपके फ़िलहाल अमेरिका में हैं. उन्होंने वहां पर बोस्टन यूनिवर्सिटी से अपना ग्रैजुएशन पूरा किया है.

अभिजीत दीपके नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं.

प्रकाश राज ने लद्दाख़ के पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक की एक एक्स पोस्ट को शेयर भी किया है.

प्रकाश राज ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "मैं 6 तारीख को वहाँ पहुँचने की कोशिश कर रहा हूँ, ताकि सबसे प्रासंगिक 'कॉकरोच आंदोलन' के प्रति अपनी एकजुटता दिखा सकूँ."

"मैं अभी एक फ़िल्म की शूटिंग के सिलसिले में काफ़ी दूर हूँ (यह मेरी पहले से तय ज़िम्मेदारी है), फिर भी मैं वहाँ पहुँचने की पूरी कोशिश कर रहा हूँ. सभी युवा 'कॉकरोचों' से मेरा आग्रह है कि वे रेंगते हुए वहाँ पहुँचें."

इससे पहले सोनम वांगचुक ने एक्स पर लिखा है, "अगर हम नहीं, तो कौन? अगर अभी नहीं, तो कब? अगर 5 जून तक हालात नहीं बदलते, तो मैं 6 जून को दिल्ली में सीजेपी सदस्यों के साथ शामिल हो जाऊँगा."

उन्होंने लिखा है, "अगर हालात इतने बिगड़ जाएँ, तो किसी भी स्वाभिमानी मंत्री को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए... लाखों युवाओं की ज़िंदगी पर पड़ने वाले असर की तो बात ही छोड़िए, बल्कि इससे तो भारत का भविष्य ही दाँव पर लग जाता है." (bbc.com/hindi)

 

 

 

 


अन्य पोस्ट