ताजा खबर

सीएम हेल्पलाइन से जुड़ेंगे 8 हजार अधिकारी
03-Jun-2026 10:24 PM
सीएम हेल्पलाइन से जुड़ेंगे 8 हजार अधिकारी

शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जून। प्रदेश में जल्द शुरू होने वाली मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी संचालन और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए बुधवार को रायपुर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को हेल्पलाइन के संचालन, शिकायतों के पंजीयन और उनके निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। उन्होंने बताया कि फोन, वेबसाइट और व्हाट्सएप के माध्यम से नागरिक सीधे शासन तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रदेशभर में अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास का माध्यम भी है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निराकरण किया जाना चाहिए।

राहुल भगत ने बताया कि विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों के लिए लगभग 1200 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं तथा करीब 8 हजार अधिकारियों की मैपिंग की गई है, ताकि शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंच सकें।

प्रशिक्षण के दौरान सुशासन एवं अभिसरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों अशोक चौबे और अनुराग दीवान ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, पोर्टल संचालन, शिकायत निवारण प्रक्रिया और समय-सीमा संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों को बताया गया कि शिकायतों के निराकरण के लिए एल-1 से एल-4 तक चार स्तरों की व्यवस्था बनाई गई है।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने अधिकारियों से आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान राहुल भगत ने रायपुर जिले में संचालित कलेक्टर कॉल सेंटर का अवलोकन भी किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा कार्यप्रणाली की सराहना की। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित कॉल सेंटर के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कर त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एडीएम उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट