ताजा खबर

रेलवे स्टेशन में 24 लीटर बीयर के साथ ट्रेन अटेंडेंट गिरफ्तार
03-Jun-2026 8:53 PM
रेलवे स्टेशन में 24 लीटर बीयर के साथ ट्रेन अटेंडेंट गिरफ्तार

गुजरात ले जा रहा था शराब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जून। जीआरपी ने अवैध रूप से बीयर की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 48 केन अंग्रेजी बीयर (24 लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत साढ़े 5 हजार रुपये बताई गई है।

जीआरपी के मुताबिक  रायपुर रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर ट्रेन नंबर 22906 शालीमार-ओखा एक्सप्रेस की आकस्मिक जांच के दौरान एसी कोच बी-1 में एक युवक पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध गतिविधियां करते हुए छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय नवीन भाथारिया निवासी शक्ति नगर सीटी सूरजकराडी,  जिला  द्वारिका (गुजरात) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास रखे सफेद प्लास्टिक थैले से 500-500 मिलीलीटर की 48 केन अंग्रेजी बीयर बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन में अटेंडेंट का काम करता है और गुजरात में शराबबंदी होने के कारण अधिक कीमत पर बिक्री करने के उद्देश्य से बीयर लेकर जा रहा था।

मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (रेल) रायपुर दिव्यांग पटेल के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ चक्रवर्ती सहित आरक्षक की सराहनीय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट