ताजा खबर
15 जून तक आवेदन करना होगा
रायपुर, 3 जून। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने प्रदेश के पांच नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 149 रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं।
यह भर्ती दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी (जशपुर), जांजगीर-चांपा और कबीरधाम के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए की जाएगी।
विभाग से जारी विज्ञापन के अनुसार प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक और वरिष्ठ रेजीडेंट के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 जून तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
पदों में
प्राध्यापक 35 पद,
सह-प्राध्यापक 40 पद,
सहायक प्राध्यापक 50 पद
वरिष्ठ रेजीडेंट के 24 पदों पर भर्ती होगी।
ये पद शरीर रचना विज्ञान, शरीर क्रिया विज्ञान, जैव रसायन, औषधि विज्ञान, विकृति विज्ञान, सूक्ष्म जीव विज्ञान, न्याय चिकित्सा तथा सामुदायिक चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
पात्रता एवं चयन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अध्यापन अनुभव और शोध कार्य राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के प्रचलित मानकों तथा वर्ष 2025 के चिकित्सा संस्थान संकाय योग्यता विनियमों के अनुरूप होना अनिवार्य है। साथ ही किसी राष्ट्रीय अथवा राज्य चिकित्सा परिषद में वैध पंजीकरण होना आवश्यक होगा।
आवेदनों की जांच के बाद पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार चिकित्सा शिक्षा संचालक की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा प्रत्यक्ष अथवा ऑनलाइन माध्यम से लिया जाएगा। अंतिम चयन साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।


