ताजा खबर

ओवरलोड वाहनों के विरोध में चक्काजाम, गाडिय़ों की लंबी कतारें
03-Jun-2026 7:07 PM
ओवरलोड वाहनों के विरोध में चक्काजाम, गाडिय़ों की लंबी कतारें

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

सूरजपुर, 3 जून। महान-2 एवं महान-3 कोयला खदानों से होने वाले कोयला और गिट्टी परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। सड़क की बदहाल स्थिति, ओवरलोड वाहनों के संचालन और बढ़ते दुर्घटना जोखिम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने कल्याणपुर चौक पर अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि महान-2 और महान-3 खदानों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन कोयला और गिट्टी लेकर कल्याणपुर, पोडि़पा, मंजीरा, बृजनगर, द्वारिकानगर, लटोरी और भटगांव क्षेत्र की ओर गुजरते हैं। इनमें कई वाहन क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे हैं, जिससे सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों का सफर जोखिम भरा हो गया है।

हजारों ग्रामीणों की जीवनरेखा है यह सड़क
कल्याणपुर-लटोरी मार्ग क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए जनपद और जिला मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी सड़क से छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज जाते हैं, मरीज अस्पताल पहुंचते हैं, किसान अपनी उपज बाजार तक ले जाते हैं तथा कर्मचारी और व्यापारी रोजाना आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सुखदेवपुर पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद भारी वाहनों का दबाव इस मार्ग पर और बढ़ गया है। परिवहन कार्य में लगे वाहन चालक समय के दबाव में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

अफसरों के आश्वासन के बाद माने
चक्काजाम की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर सब एरिया के मैनेजर मयंक वर्मा, प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच लंबी चर्चा हुई, जिसमें ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत, ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण और क्षेत्रीय विकास कार्यों की मांग रखी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस पर एसईसीएल अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कोल परिवहन से प्रभावित गांवों में कंपनी की सीएसआर मद से सड़क मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही स्ट्रीट लाइट और यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय निर्माण जैसे कार्य भी किए जाएंगे।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया।

आंदोलन में पूर्व भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े, श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व चेयरमैन शफी अहमद, लटोरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कंवल बिहारी सिंह टेकाम, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं सरपंच गोवर्धन सिंह मरकाम, रोहन राजवाड़े, ओम प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों के आंदोलन को देखते हुए मौके पर अलग अलग थाना चौकी के पुलिस अमला मौके पर मौजूद रहा।


अन्य पोस्ट