ताजा खबर
शराब घोटाले को लेकर आरोप
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 3 जून। भाजपा ने ईडी के छठे आरोप पत्र का हवाला देते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने दावा किया कि नॉर्थ गोवा स्थित वेस्टिन होटल की खरीद छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध धन से की गई थी।
बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ठोकने ने मीडिया के समक्ष होटल की तस्वीर प्रदर्शित करते हुए कहा कि ईडी के आरोप पत्र के अनुसार होटल खरीदने के लिए छत्तीसगढ़ से लगभग 110 करोड़ रुपये की नगदी गोवा भेजी गई थी। उनका दावा था कि आरोप पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल के इशारे पर इस राशि को गोवा स्थानांतरित किए जाने का उल्लेख है।
ठोकने ने कहा कि भाजपा पहले भी इस मामले को उठा चुकी है और अब ईडी की जांच में सामने आए तथ्यों के बाद कांग्रेस और भूपेश बघेल को इस पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले पर मौन साधे हुए है। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस चुप्पी को आरोपों की स्वीकृति माना जाए।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्ण शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद प्रदेश को पार्टी का एटीएम बना दिया। उन्होंने दावा किया कि ईडी की जांच आगे बढ़ने के साथ कथित शराब घोटाले से जुड़े कई तथ्य सामने आ रहे हैं।
ठोकने ने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सामान्य राजनीतिक मुद्दों पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन इतने गंभीर आरोपों पर अब तक सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।


