ताजा खबर
10 से 14 जून तक नामांकन, फिर इंटरव्यू भी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 3 जून। प्रदेश युवक कांग्रेस के चुनाव में सीनियर नेताओं की एंट्री हो रही है। खबर है कि पार्टी के प्रमुख नेता आपस में चर्चा कर उपयुक्त नाम की तलाश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा कुनकुरी के नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील के नाम की है।
कुनकुरी सीएम विष्णु देव साय का विधानसभा क्षेत्र है, और विनयशील कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी को हराकर सुर्खियों में आए थे। विनयशील पूर्व सीएम भूपेश बघेल के करीबी हैं, और सीएम विष्णु देव साय के खिलाफ काफी मुखर हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भूपेश बघेल समर्थक उन्हें चुनाव लड़ाने के लिए जोर दे रहे हैं। हालांकि पूर्व सीएम ने अब तक अपने इरादे साफ नहीं किए हैं।
अध्यक्ष की दौड़ में शामिल कई युवा नेता पूर्व सीएम भूपेश बघेल के अलावा पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से मिल रहे हैं।
विनयशील के अलावा महासमुंद के नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू भी दौड़ में हैं। इसके अलावा बलौदा बाजार-भाटापारा के जिला पंचायत सदस्य शैलेन्द्र बंजारे का नाम भी चर्चा में है।
शैलेन्द्र बंजारे बलौदा बाजार आगजनी कांड के आरोपी थे और जेल में रहे हैं। वे भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव के करीबी माने जाते हैं। इसके अलावा एनएसयूआई के पदाधिकारी रहे हनी बग्गा, सजल चंद्राकर और लोकेश वशिष्ठ के नाम की भी चर्चा है।
बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 10 से 14 जून तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद उपयुक्त नामों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
इनमें से बेहतर पाए गए युवक कांग्रेस नेताओं को चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाएगी। चुनाव जुलाई में होंगे और महीने के अंत तक नतीजे घोषित किए जाएंगे।


