ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 3 जून। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में सोई हुई पत्नी पर टांगी मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नागपुर (हाइवे) पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनवर्षा निवासी भगवती मंगलवार की रात अपने घर में खाट पर सो रही थी। इसी दौरान उसके पति पूरनचंद ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में भगवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि महिला का पति, पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह करता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
पूछताछ में मिली इस अहम जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया। पुलिस का मानना है कि इसी शंका के कारण आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।


