ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 3 जून। खरीफ सीजन शुरू होने से पहले खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता लगातार छापेमार कार्रवाई कर रहा है। हाल ही में मल्हार और सेंदरी में की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में उर्वरक जब्त किए गए हैं।
मस्तूरी विकासखंड के मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भंडार की जांच के दौरान यूरिया, एनपीके और एसएसपी खाद का अवैध भंडारण मिला। टीम ने खाद जब्त कर मामला जिला दंडाधिकारी न्यायालय को भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। वहीं सेंदरी स्थित मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर्स में देर रात की गई छापेमारी में छिपाकर रखा गया उर्वरक बरामद हुआ। अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर खाद जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया।
कृषि विभाग ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिलेभर में निगरानी लगातार जारी है।
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर ने सभी सहकारी समितियों को अवकाश, शनिवार और रविवार को भी खुला रखने के निर्देश दिए हैं। जिले को खरीफ सीजन के लिए 68,950 मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य मिला है। इसके मुकाबले अब तक 46,780 मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण किया जा चुका है, जबकि 19,913 मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके और एसएसपी की पर्याप्त उपलब्धता है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 10,711 मीट्रिक टन अधिक खाद का भंडारण किया गया है। किसानों से अधिकृत सहकारी समितियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदने तथा रसीद अवश्य लेने की अपील की गई है।


