ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 3 जून। गौरेला नगर परिषद क्षेत्र के पतेराटोला में भूमि सीमांकन के दौरान राजस्व अधिकारियों के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी दीपक तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 की शाम राजस्व निरीक्षक, पटवारी तथा दो कोटवार ग्राम गौरेला के खसरा नंबर 205/1 और 205/3 में सीमांकन कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दीपक तिवारी मौके पर पहुंचा और सीमांकन प्रक्रिया का विरोध करने लगा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसने पटवारी से अभद्र भाषा में बात की, मारपीट का प्रयास किया और मोटरसाइकिल की चाबी छीनने की कोशिश की। घटना का वीडियो बनाए जाने पर मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया गया।
राजस्व अमले के साथ मौजूद दोनों कोटवारों के साथ भी धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किए जाने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के बाद कर्मचारी स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हुए वहां से लौट गए और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी।
लिखित शिकायत मिलने के बाद गौरेला थाने में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


