ताजा खबर
सीएस की बैठक में फैसला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जून। सरकार ने रायपुर में जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क तथा बिलासपुर में आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम की सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की महत्वाकांक्षी औद्योगिक, वाणिज्यिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति देने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इन परियोजनाओं को मिली हरी झंडी
रायपुर के कृषि उपज मंडी परिसर (मंडी रोड) में अत्याधुनिक रत्न एवं आभूषण पार्क (रायपुर जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क) विकसित किया जाएगा। वहीं, बिलासपुर शहर में बढ़ते भारी वाहनों के दबाव और ट्रैफिक समस्या को देखते हुए सर्व-सुविधायुक्त ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण किया जाएगा। यहां बड़े गोदाम, लॉजिस्टिक्स हब, व्यापक पार्किंग स्पेस, वाहन मरम्मत केंद्र तथा चालकों के लिए विश्राम क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा, नवा रायपुर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए वल्र्ड क्लास कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। यह अत्याधुनिक बिजनेस हब कॉर्पोरेट इवेंट्स, ग्लोबल बिजनेस मीट और प्रदर्शनियों के लिए उपयुक्त होगा, जिससे प्रदेश में बिजनेस टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इन सभी परियोजनाओं को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
बैठक में विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, नीति आयोग के सदस्य सचिव आशीष भट्ट, वित्त विभाग की विशेष सचिव श्रीमती शीतल शाश्वत वर्मा सहित छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


