ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 2 जून। एमसीबी जिले के वनांचल ब्लॉक भरतपुर की ग्राम पंचायत चरखर में मनरेगा चेक डेम निर्माण स्थल पर मंगलवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, वहीं पांच महिला को गंभीर अवस्था में सीएचसी जनकपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चरखर में मनरेगा(वीबी-जी राम जी) के तहत बोल्डर चेक डेम निर्माण की स्वीकृति मिली है। जहां दर्जनभर से अधिक मजदूर कार्यरत कर रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम बदला और बारिश होने लगी। जिससे बचने के लिए मजदूर पेड़ के नीचे चली गईं। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी। जिससे सुभद्रा पति संदीप सिंह, कलावती पति विजय बहादुर सिंह, लक्ष्मी पति अशोक सिंह , मायवती पति रामनारायण सिंह, रामबाई पति उमेश सिंह, सुशीला पति गेंदालाल सिंह मौके पर बेहोश हो गईं।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुशीला पति गेंदालाल सिंह को मृत घोषित कर दिया, वहीं शेष पांच गंभीर महिलाओं का इलाज चल रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक गुलाब कमरो सीएचसी पहुंचे। जहां पीडि़ताओं की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन से बेहतर इलाज करने बात कही।


