ताजा खबर

बाइकें भिड़ीं, दोनों चालक जख्मी
02-Jun-2026 7:11 PM
बाइकें भिड़ीं, दोनों चालक जख्मी

खतरनाक मोड़, संकेतक नहीं, हो रहे हादसे

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली, 2 जून।
बचेली से किरंदुल मुख्य मार्ग पर ग्राम पाढ़ापुर के पास रेल्वे ओवर ब्रिज से पहले खतरनाक मोड़ पर मंगलवार को दो बाइकों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों द्वारा तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी गई, जिसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अपोलो अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ, जब एक बाइक चालक बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सड़क किनारे जा गिरीं और सड़क पर दूर तक बाइक के टूटे हिस्से बिखर गए। दोनों घायलों को शरीर में चोटें आई हैं।

लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां लंबे समय से सुरक्षा इंतजामों की कमी बनी हुई है। मोड़ बेहद खतरनाक है, लेकिन वहां किसी भी प्रकार का चेतावनी संकेतक या स्पीड कंट्रोल बोर्ड नहीं लगाया गया है। इसके अलावा सड़क किनारे बरसाती झाडिय़ां तेजी से बढ़ चुकी हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों को देखने में भी परेशानी होती है। यही हाल सिर्फ इस मोड़ पर नहीं बचेली से किरंदुल के बीच के मुख्य मार्ग पर हर जगह मोड पर झाडिय़ां उगी हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मोड़ पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश हादसों की बड़ी वजह बन रही है। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क किनारे उगी झाडिय़ों की सफाई, चेतावनी संकेतक और स्पीड ब्रेकर जैसी व्यवस्थाएं की जाए।

स्थानीय लोगों व ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर जल्द सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।


अन्य पोस्ट