ताजा खबर

12.5 करोड़ के फर्जी आईटीसी घोटाले में कबाड़ कारोबारी गिरफ्तार
02-Jun-2026 4:30 PM
12.5 करोड़ के फर्जी आईटीसी घोटाले में कबाड़ कारोबारी गिरफ्तार

रायपुर डीजीजीआई  ने यूपी से दबोचा, बेटियों के नाम बनाई थी फर्जी कंपनियां 

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर , 2 जून । छत्तीसगढ़ में फर्जी आईटीसी घोटाला मामले में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) रायपुर की टीम ने यूपी के शाहजहांपुर जिले से कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बोगस फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल करने और उसे आगे ट्रांसफर करने का आरोप है।

जांच के दौरान अभिषेक पाठक का नाम सामने आया था। और उसे कई बार पूछताछ के लिए नोटिस भेजे गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद टीम शाहजहांपुर के अतिबरा गांव पहुंची और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अभिषेक पाठक ने कथित तौर पर रायपुर निवासी अमन सिंह के साथ मिलकर स्क्रैप कारोबार से जुड़ी फर्मों का संचालन किया। आरोप है कि इन फर्मों के माध्यम से कागजों में कारोबार दिखाकर करोड़ों रुपये का फर्जी आईटीसी  प्राप्त किया गया। यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों बेटियों के नाम पर फर्में बनाई थीं। इनमें समृद्धि ट्रेडिंग और ख्याति इंटरप्राइजेज जैसी फर्मों का नाम सामने आया है। जांच में इन कंपनियों के जरिए भी टैक्स क्रेडिट से जुड़ी अनियमितताओं करता रहा। आरोपी से जुड़े नेटवर्क में करोड़ों रुपये के फर्जी टैक्स क्रेडिट का लेन-देन सामने आया है। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है और जांच आगे बढ़ने पर और नाम सामने आ सकते हैं।जांच टीम ने आरोपी के घर से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं।  यह भी चर्चा में है कि पिछले कुछ वर्षों में आरोपी की आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव आया। गांव में नया मकान, लग्जरी वाहन और अन्य संपत्तियों को लेकर भी एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं। हालांकि इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।  कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा बड़े खुलासे हो सकते हैं।


अन्य पोस्ट