ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 2 जून। गर्मी की छुट्टियों में दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अतिरिक्त सुविधा प्रदान की है। रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर और यलहंका (बेंगलुरु) के बीच अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 5-5 फेरे लगाएगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 08261 बिलासपुर-यलहंका समर स्पेशल 3 जून 2026 से 1 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। वहीं 08262 यलहंका-बिलासपुर समर स्पेशल 4 जून 2026 से 2 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलाई जाएगी।
समर स्पेशल ट्रेन संख्या 08261 प्रत्येक बुधवार को दोपहर 2 बजे बिलासपुर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, काजीपेट, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मवरम और हिंदूपुर सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन अगले दिन शाम 7 बजे यलहंका स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08262 प्रत्येक गुरुवार रात 9.30 बजे यलहंका से रवाना होगी। यह ट्रेन उसी मार्ग से होते हुए तीसरे दिन तड़के 3.30 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इससे छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।
इस समर स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य श्रेणी, 10 स्लीपर तथा 4 एसी-3 टियर कोच शामिल रहेंगे।


