ताजा खबर
रायपुर, 1 जून। पुलिस कमिश्नरेट ने आज पुलिस सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मेलन पुलिस ट्रांजिट मेस, में आयोजित किया गया है। यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन न होकर पुलिस विभाग में वर्षों तक सेवाएं देने वाले अनुभवी सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों के अनुभव, मार्गदर्शन एवं सामाजिक सहभागिता को पुनः समाजहित में जोड़ने का प्रयास रहा।
कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला ने कहा कि पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने जीवन के लगभग 40 वर्ष विभाग एवं समाज की सेवा को समर्पित किये है। सेवानिवृत्त के पश्चात् भी उनका अनुभव एवं सामाजिक समझ समाज के लिये अत्यंत उपयोगी है। उन्होनें कहा कि समाज में यातायात व्यवस्था सुधारने, नशा उन्मूलन, सामाजिक जागरूकता, युवाओं को मार्गदर्शन देने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने जैसे विषयों में सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारी प्रभावी भूमिका निभा सकते है।
सम्मेलन में उपस्थित सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार साझा करते हुये पुलिस विभाग एवं समाज के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता व्यक्ति की। इस दौरान जानकारी दी गई कि निरीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक रिटायर्ड वेलफेयर यूनियन के अंतर्गत लगभग 110 सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों का पंजीयन किया जा चुका है तथा यूनियन द्वारा समय-समय पर कई बैठकों का आयोजन भी किया गया है।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले एवं आईएसएम माह विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारी/कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके दीर्घकालिक योगदान को सराहा गया।


