ताजा खबर
करोड़ों के विकास कार्यों का किया लोकार्पण- भूमिपूजन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 1 जून। सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को कोण्डागांव जिले के बड़ेकनेरा पहुंचे, जहां उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर आदिवासी नृत्य दलों ने पारंपरिक स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत बड़ेकनेरा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना और भगवान शिव के दर्शन से की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद अटल ग्राहक सेवा केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित सेवाओं की जानकारी ली। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री तेंदूपत्ता संग्राहक के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने हितग्राही एवं उसके परिवार से मुलाकात की। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। मुख्यमंत्री ने हितग्राही के हाथों तैयार तीखुर शर्बत का सेवन किया तथा स्थानीय मौसमी फल जामुन का स्वाद भी लिया।
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक अन्नप्राशन कराया और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मुलाकात कर उन्हें नए आवास की सौगात दी।कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए कई सौगातें भी प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


