ताजा खबर
नपाध्यक्ष का इंकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 जून। बलौदाबाजार स्थित बारनवापारा अभ्यारण्य में रात के समय नियमों का उल्लंघन कर एक कार्यक्रम आयोजित करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद अभ्यारण्य क्षेत्र में रात्रि प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोप लगाया जा रहा है कि अभ्यारण्य क्षेत्र के भीतर देर रात नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू की वैवाहिक वर्षगांठ (मैरिज एनिवर्सरी) का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके साथ ही रात के समय वन्यजीवों को देखने के लिए जंगल सफारी किए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कार्यक्रम स्थल से लगभग 15 से 20 किलोमीटर की दूरी पर हाल ही में हाथी के हमले से दो ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद वन विभाग ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों को रात में जंगल और उसके आसपास जाने से बचने की सलाह दी थी।
नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने पार्टी आयोजित करने के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि वे केवल अपने परिवार के साथ परिसर में स्थित कैंटीन में भोजन करने गए थे, वहां किसी प्रकार की पार्टी जैसा कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन के बाद वापस लौटते समय रास्ते में जंगली जानवर दिखाई दिए, जिसका उन्होंने केवल वीडियो बनाया था।
बारनवापारा अभ्यारण्य के अधीक्षक कृष्णनु चंद्राकर ने स्वीकार किया कि क्षेत्र में एक जनप्रतिनिधि की वैवाहिक वर्षगांठ से संबंधित कार्यक्रम हुआ था। हालांकि, उन्होंने बचाव करते हुए कहा कि कार्यक्रम में शामिल लोग उस हिस्से में नहीं गए थे जहाँ हाथियों की सक्रिय मौजूदगी की सूचना थी, वे केवल पर्यटक ग्राम (टूरिस्ट विलेज) के आसपास के क्षेत्र तक ही सीमित रहे। आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था और हाथियों के मार्ग बदलने की संभावना पर उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र में उस समय हाथियों की मौजूदगी की कोई पूर्व सूचना नहीं थी।
इस मामले पर डीएफओ गणवीर धम्मशील ने कहा कि उन्हें इस संबंध में तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यारण्य क्षेत्र में रात के समय किसी भी प्रकार की पार्टी आयोजित करने का नियम नहीं है। वे संबंधित एसडीओ और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी और रिपोर्ट लेने के बाद ही आगे कुछ कह पाएंगे।


