ताजा खबर

पंचायत उप-चुनाव के लिए मतदान
01-Jun-2026 5:42 PM
पंचायत उप-चुनाव के लिए मतदान

विवाद सुलझने के बाद कुकुरडीह के ग्रामीणों ने लिया हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 जून। बलौदाबाजार जिला अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 के तहत रिक्त पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया चल रही है। ग्राम पंचायत कुकुरडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

मतदाता सूची विवाद का समाधान

कुकुरडीह ग्राम पंचायत में पिछले पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया था, उस समय ग्रामीणों का आरोप था कि सावरा समुदाय के लगभग 250 से अधिक लोगों के नाम इस पंचायत की मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं, जबकि वे भौगोलिक रूप से नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।

इस विवाद के बाद, प्रशासनिक स्तर पर विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके तहत सावरा समुदाय के मतदाताओं के नाम नगर पालिका क्षेत्र की सूची में हस्तांतरित किए गए। इस सुधार के बाद ग्रामीणों ने इस उप-चुनाव में हिस्सा लेने की सहमति दी।

महिलाओं की प्राथमिकता: नशामुक्त गांव और बेहतर शिक्षा

 केंद्र पर पहुंची महिला मतदाताओं ने सामाजिक और शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देने की बात कही. उनकी मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं:

 गांव में बढ़ती नशे की समस्या पर रोक लगाने के लिए भावी जनप्रतिनिधि द्वारा ठोस प्रयास किए जाएं।

 वर्तमान में कुकुरडीह में केवल आठवीं कक्षा तक ही स्कूल की व्यवस्था है. महिलाओं की मांग है कि इसे बढ़ाकर बारहवीं कक्षा तक किया जाए ताकि स्थानीय बच्चों, विशेषकर बेटियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे गांव या शहर न जाना पड़े।

 इस वर्ग का ध्यान मुख्य रूप से आर्थिक और बुनियादी विकास पर रहा. उन्होंने मांग की कि पंचायत स्तर पर स्वरोजगार, तकनीकी प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।

 कुकुरडीह पंचायत में कुल पंजीकृत मतदाता 1,482 हैं।

सरपंच पद के लिए कुल 5 उम्मीदवार मैदान में हैं- डोमार सिंह साहू,  गंगा साहू,  किशन साहू,  रामभरोस यादव, विनय वर्मा। वहीं वार्ड के 9 पंच पदों के लिए कुल 18 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

 सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पूर्व के विवाद को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा मतदान केंद्र और उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान केंद्र परिसर में सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनावश्यक भीड़ को एकत्रित होने से रोका जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान पहुंचे नायब तहसीलदार हमेश साहू ने बताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रहा है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के कुल 30 पदों पर उप-चुनाव संपन्न कराया जा रहा है।

कुल प्रत्याशी- 73, सरपंच के 3 पदों के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। पंच के 27 पदों के लिए 62 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।


अन्य पोस्ट