ताजा खबर

निगम अमले को रोकथाम के दिए निर्देश
01-Jun-2026 5:01 PM
निगम अमले को  रोकथाम के दिए निर्देश

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर , 1 जून । आयुक्त संबित मिश्रा ने निगम  अधिकारियों को  बारिश के दिनों में राजधानी शहर के सभी वार्डों में संक्रामक रोगों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रोकथाम करने अभियान चलाने के निर्देश दिये हैँ ।

उन्होंने नागरिकों को उल्टी, दस्त, मलेरिया, डेंगू आदि  रोकथाम हेतु नागरिकों को घरों के कूलरों की नियमित सफाई करने लगातार जागरूक बनाने सुझाव दिया गया है ।  मोहल्लों झुग्गी बस्तियों में संक्रामक रोगो की रोकथाम हेतु सघन जनजागरण अभियान चलाने का सुझाव दिया गया है ।

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को निजी एवं सार्वजनिक कुओं में सप्ताह में दो बार ब्लीचिंग पाउडर डालकर जल को कीटाणु रहित करने यह कार्य प्रारंभ में पखवाडे में एक बार या आवश्यकतानुसार सप्ताह में एक या दो बार करने के निर्देश दिये है एवं इस हेतु जोन कमिश्नरों को पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर जोन कार्यालय में रखवाकर जोन से संबंधित वार्डो में स्वच्छता निरीक्षकों के माध्यम से कार्य के निर्देश दिये है। बोरिंग हैण्डपंप में ब्लीचिंग पाउडर एवं ब्लीचिंग लिक्वीड डालकर जल शुद्धीकरण का कार्य करने जलप्रदाय विभाग को निर्देशित किया गया है एवं प्रत्येक पखवाडे कार्य पालन अभियंता जल के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को यह कार्य करके प्रतिवेदन देने के निर्देश दिये गये है।

आयुक्त ने सहायक अभियंता फिल्टरप्लांट को शहर के विभिन्न क्षेत्रों के पेयजल श्रोतों के समय-समय पर पेयजल के नमूने लेने एवं प्रगति का प्रतिवेदन निगम आयुक्त को देने एवं रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक होने पर इस संबंध में तत्काल वरिष्ठ अधिकारी को सूचित करके आवश्यक बचाव कार्य एवं उपाय सुनिश्चित करवाने का प्रशासनिक कार्य दायित्व कार्यपालन अभियंता जल को दिया गया है।

 सार्वजनिक कुओं के चारों ओर चबूतरा बनाये जाने एवं गंदे पानी की निकासी की सही व्यवस्था करवाकर यथासंभव खुले कुओं को ढकवाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों को अपने संबंधित जोन क्षेत्रों हेतु दिये गये है।
आयुक्त ने सभी हैण्डपंप, बोरिंग एवं पावर पंप की मरम्मत का कार्य अभियानपूर्वक पूर्व निश्चित कराने एवं हैण्ड पंपों के चारों ओर चबूतरा बनवाकर पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों एवं कार्यपालन अभियंता जल को दिये है। आयुक्त ने पेयजल संकट से प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से आवश्यकता के अनुसार शुद्ध व क्लोरीन युक्त जल नागरिकों को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों एवं कार्यपालन अभियंता जल को दिये है।


अन्य पोस्ट