ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर , 1 जून । विवाह के लिए जीवन साथी एप ( Jeevansathi.com)के माध्यम से हुए परिचय के बाद रायपुर आकर युवती के घर से लाखों के जेवर चुराने वाले दिल्ली के युवक को उसकी साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों से 57,000/- रूपये, 2 तोला सोने का जेवरात, 1 चांदी का ब्रेसलेट तथा 05 मोबाईल फोन कुल कीमत लगभग 4,21,500/- रूपए जब्त किया गया है ।
खम्हारडीह निवासी युवती ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी । पुलिस के अनुसार लगभग चार माह पूर्व उसकी पहचान Jeevansathi.com के माध्यम से ऑनलाईन अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच नियमित रूप से मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। 15 मई को अभिनव सिंह ने युवती को फोन कर उसके जन्मदिन की पार्टी के बहाने उसके घर आने की बात कही। दोपहर लगभग 01ः00 बजे वह घर पहुंचा और दोनों ने साथ में भोजन किया। भोजन के दौरान अभिनव सिंह ने चिकन को ठीक से न पका होने की बात कहकर उसे पुनः पकाया तथा खाने के लिए परोसा।चिकन खाने के कुछ समय बाद युवती बेहोश हो गई। शाम लगभग 06ः00 बजे उसकी रूम पार्टनर घर पहुंची, जिसने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह होश में नहीं आई। अगले दिन 16 मई को सुबह लगभग 10ः00 बजे होश आने पर युवती ने देखा कि उसके गले में पहनी सोने की चैन एवं दो सोने की अंगूठियां गायब थीं। इसके बाद उसने आलमारी के लॉकर की जांच की, जहां रखंे सोने एवं चांदी के जेवरात भी नहीं मिले। साथ ही अभिनव सिंह भी घर से फरार था। अभिनव सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उसका मोबाइल फोन लगातार बंद था। अभिनव सिंह ने भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिलाया जिससे वह बेहोश हो गई तथा वह सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गया। इस रिपोर्ट पर खम्हारडीह पुलिस ने जांच शुरू की। इसके लिए विशेष टीम बना युवती से विस्तृत पूछताछ और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों देखें।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने Jeevansathi.com पर आरोपी एवं प्रार्थिया के मध्य संपर्क स्थापित करने वाले प्रोफाइल मोबाइल नंबरों का तकनीकी तथ्यों का सूक्ष्म परीक्षण किया। इसमें आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखण्ड के हरिद्वार में लोकेट किया । जहां भेजी गई टीम ने हितिन नरूला को पकड़ा। हितिन नरूला से पूछताछ के आधार पर आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली पहाड़गंज से पकड़ा गया।
पूछताछ दोनों ने बताया कि दोनों मित्र है। घटना के दिन दोनों रायपुर आए थे। अभिनव सिंह प्रार्थिया के संपर्क में रहकर उसके साथ उसके निवास में गया, जबकि उसका साथी हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर ही रुका रहा। प्रार्थिया के घर पहुंचने के बाद अभिनव सिंह ने उसे विश्वास में लेकर भोजन कराया तथा भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया। युवती के अचेत होने के पश्चात उसने घर में रखे सोने एवं चांदी के आभूषणों की चोरी की और वहां से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां उसका साथी हितिन नरूला उसका इंतजार कर रहा था। इसके बाद दोनों फरार हो गए।
दोनों से चोरी के सारे जेवर नगदी जप्त किया गया।
अभिनव सिंह पूर्व में धोखाधड़ी एवं चोरी के मामलों में वर्ष 2024 में दिल्ली के थाना अशोक विहार तथा वर्ष 2026 में थाना पार्लियामेंट हाउस क्षेत्र वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड के थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के प्रकरण में भी आरोपी जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
01. अभिनव सिंह उर्फ पहलवान 37 साल निवासी मकान नंबर 215 अरोड़ा कालोनी जिला होशियारपुर पंजाब। हाल पता - सी/505 चतुर्थ तल जेव्हीटीएस गार्डन छतरपुर दिल्ली।
02. हितिन नरूला 48 साल निवासी जे 70 तृतीय तल लक्ष्मी नगर शकरपुर बरामद थाना शकरपुर ईस्ट दिल्ली।


