ताजा खबर
मंत्री बोले - चर्चा हो
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 1 जून। उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट, जिला सरगुजा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक और विधायक रामकुमार टोप्पो विवाद, मारपीट के संबंध में आज तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने गहरा रोष एवं चिंता व्यक्त की है। राजधानी जिले के तहसीलदारों ने काम बंद कर तुता धरना स्थल पर प्रदर्शन किया।
संघ द्वारा बताया गया कि 27 मई की घटना का ब्यौरा देते हुए कहा कि यह घटना केवल एक अधिकारी के साथ हुई व्यक्तिगत घटना नहीं है, बल्कि संपूर्ण राजस्व प्रशासन, न्यायालयीन व्यवस्था एवं विधिसम्मत प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गरिमा पर सीधा आघात है।
घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 29 मई को प्रदेशव्यापी सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया था। तृतीय वर्ग संघ के पूर्व प्रांत अध्यक्ष विजय कुमार झा, छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ, राजस्व पटवारी संघ ने भी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्यवाही की मांग की गई है तथा छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की मांगों का पूर्ण समर्थन व्यक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की समस्त जिला कार्यकारिणियों द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार 1 जून से प्रदेश के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनिश्चितकालीन कलमबंद, कामबंद एवं सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
दूसरी ओर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मीडिया को बताया कि आज तहसीलदार संघ के पदाधिकारी, और सचिव शम्मी आबिदी के बीच चर्चा हुई है जल्द ही हल निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी काम पर लौटें।


