ताजा खबर
सात समुंदर पार कर विदेशी मेहमान पहुंच रहे, ग्रामीणों में उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 1 जून। बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक में शनिवार को लगभग दो सौ की संख्या में सात समुंदर पार कर मानसून आने की पैगाम लेकर साइबेरियन पक्षियों का एक दल ग्राम कटई आ गया है। इनके आगमन से गांव में उत्साह है।
कोई दो दशक से इस गांव में आने वाले इन मेहमानों को शुभ माना जाता है। बारिश का संकेत ही नहीं, इनका पड़ाव तय कर देता है कि बारिश कितनी होगी।
जून से दिसंबर-जनवरी तक कटई सहित आसपास के गांवों में डेरा डालकर दिन भर नदी नाला तालाब में चारा चुगकर शाम को गांव को कलरव से गुलजार करने वाले यह मेहमान यहां से अपनी संख्या बढ़ाकर जाते हंै। प्रजनन के बाद बच्चे जब उडऩे में दक्ष हो जाते हैं, तब वतन लौट जाते हैं।
गांव में उत्साह
कटई निवासी चुम्मन वर्मा ने बताया कि पक्षियों के आने से यह संकेत मिलता है कि अब पखवाड़े भर के भीतर मानसून आ जाएगा। गांव में इन पक्षियों को देवदूत से कम नहीं माना जाता। यदि बीच में यह गांव छोड़ देते हैं तो अकाल तय है। गांव के तालाब किनारे पेड़ के अलावा आसपास के गांवों में इनका बसेरा रहता है। इन्हें कोई नहीं छेड़ता, लोग हर स्तर पर सुरक्षित रखते हैं।
सुशासन में आवेदन
ग्राम चमारी निवासी अमलेश निषाद ने सुशासन शिविर में कटई सहित आसपास के गांवों में एक हजार पीपल लगाने का आवेदन किया है, जिससे इन पक्षियों को भविष्य में अनुकूल वातावरण मिल सके। निषाद ने बताया कि बीस साल में ऐसा कोई पहल नहीं की गई, जिससे जल, संरक्षण एवम वृक्षारोपण सार्थक हो। जिला प्रशासन ने अब तक गंभीरता से नहीं लिया है जो चिंताजनक है।



