ताजा खबर
भाजपा-कांग्रेस ने किए जीत के दावे
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर,1 जून। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में पहली बार हो रहे निकाय चुनाव के तहत सोमवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान चल रहा है। मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नगर पंचायत के 15 वार्डों में मतदान के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कुल 4,642 मतदाता नगर की पहली सरकार चुनने के लिए मतदान के पात्र थे, जिनमें 2,335 पुरुष और 2,307 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान शुरू होने से पहले ही कई केंद्रों पर मतदाताओं ने पहला वोट डालने कतारबद्ध दिखे। दोपहर की तेज गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और लगातार मतदान जारी रहा।
दोपहर 12 बजे तक लगभग 58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े लोगों का मानना है कि अंतिम मतदान प्रतिशत 90 प्रतिशत या उससे अधिक पहुंच सकता है।
भाजपा ने नगर पंचायत गठन और विकास को बनाया मुद्दा
मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। भाजपा ने चुनाव प्रचार में शिवनंदनपुर नगर पंचायत के गठन को अपनी बड़ी उपलब्धि बताते हुए जनता से समर्थन मांगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि क्षेत्रवासियों की दो दशक पुरानी मांग को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरा किया है।
भाजपा ने नगर विकास कार्यों के लिए हाल ही में स्वीकृत लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की राशि को भी अपनी उपलब्धि के रूप में जनता के सामने रखा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों तक कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो सका।
कांग्रेस ने संगठनात्मक ताकत पर जताया भरोसा
वहीं कांग्रेस ने चुनाव घोषणा के साथ ही अध्यक्ष पद समेत सभी 15 वार्डों में प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी तैयारियां तेज कर दी थीं। पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की सभाओं, रोड शो और जनसंपर्क अभियान के जरिए माहौल बनाने का प्रयास किया।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि शिवनंदनपुर क्षेत्र परंपरागत रूप से कांग्रेस का मजबूत क्षेत्र रहा है और जनता स्थानीय मुद्दों एवं विकास के आधार पर पार्टी के पक्ष में मतदान करेगी। कांग्रेस ने भाजपा पर टिकट वितरण के दौरान गुटबाजी और असंतोष से जूझने का आरोप भी लगाया।
बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। भाजपा की ओर से महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विधानसभा भटगांव और गृह क्षेत्र का चुनाव होने से उन पर पार्टी को जीत दिलाने अत्यधिक दबाव है वे पिछले डेढ़ माह से क्षेत्र में सक्रिय रहीं और घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष योगीराज टिकरिहा तथा संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी चुनाव प्रचार में भाग लिया।
दूसरी ओर कांग्रेस के पक्ष में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने रोड शो एवं जनसभाएं कर माहौल बनाने का प्रयास किया।
4 जून को आएगा फैसला
अब सभी की निगाहें 4 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के बाद यह स्पष्ट होगा कि नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर की पहली सरकार बनाने का जनादेश भाजपा को मिलता है या कांग्रेस को। कांटे की टक्कर वाले इस चुनाव में दोनों दलों के दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।
पंद्रह वार्डों के लिए पार्षद के बावन, जबकि अध्यक्ष के लिए तीन कुल पचपन प्रत्याशी चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।




