ताजा खबर

घुमका नपं चुनाव : अध्यक्ष-पार्षदों के लिए दोपहर तक 50 फीसदी पड़े वोट
01-Jun-2026 2:03 PM
घुमका नपं चुनाव : अध्यक्ष-पार्षदों के लिए दोपहर तक 50 फीसदी पड़े वोट

 नपं का दर्जा मिलने के बाद पहली बार वोट डालने उत्साह
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जून।
डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के घुमका नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष और पार्षदों के लिए सोमवार दोपहर तक 50 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद घुमका में पहली बार मतदाताओं में वोटिंग को लेकर काफी उत्साह नजर आया। गौरव ग्राम माने जाने वाले घुमका को कुछ माह पहले नगर पंचायत का दर्जा मिला था। इससे पहले घुमका ग्राम पंचायत की श्रेणी में था। 15 वार्ड वाले इस नगर पंचायत में आज सुबह से ही लोग मतदान करने के लिए पहुंचे। भीषण गर्मी पडऩे के बाद दोपहर को मतदान की रफ्तार में गिरावट आ गई। यही वजह है कि अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों का चुनाव करने के लिए दोपहर होते ही मतदाताओं की कतार छिंटक गई।

कांग्रेस ने फूलमती वर्मा और भाजपा से किरण वर्मा अध्यक्ष पद की प्रत्याशी है। मुख्यता दोनों राजनीतिक दलों के बीच ही सीधा मुकाबला है। कांग्रेस और भाजपा ने नगर पंचायत में अपना कब्जा करने के लिए पूरी ताकत झोंकी है। दोनों राजनीतिक दलों से प्रदेश स्तर के नेताओं ने प्रचार में जोर लगाया। कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत जिले की कांग्रेस विधायक व अन्य पदाधिकारियों ने जमकर प्रचार किया।
जवाब में  भाजपा ने भी डिप्टी सीएम अरूण साव से लेकर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के अलावा महापौर मधुसूदन यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने प्रचार कर भाजपा को जीताने की अपील की। इस बीच नगर पंचायत घुमका अंतर्गत कुल 3209 मतदाता हैं। जिसमें पुरूष 1579 और 1630 महिला  मतदाता हैं। मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदान अधिकारियों और पुलिस का पहरा भी लगा हुआ था। इधर जनपद पंचायत डोंगरगांव क्षेत्र क्रमांक 5 अंतर्गत कुल 11 मतदान केंद्रों में एक जनपद सदस्य के लिए भी मतदाताओं में मतदान करने उत्साह देखा गया। एक जनपद सदस्य चुनने के लिए कुल 4482 मतदाता हैं।
वहीं जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत 1 सरपंच व 2 पंच चुनने के लिए 5 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एक सरपंच और दो पंच चुनने कुल 1550 मतदाताओं में से 793 पुरूष और 757 महिला मतदाता हैं। मतदान के दौरान कांग्रेस से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी  फूलमती वर्मा और भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा ने अपनी-अपनी जीत को लेकर दावे किए हैं।  इधर खबर लिखे जाने तक मतदान प्रक्रिया जारी रही।


अन्य पोस्ट