ताजा खबर

मांड नदी में डूबने से हाथी के बच्चे की मौत
01-Jun-2026 1:32 PM
मांड नदी में डूबने से हाथी के बच्चे की मौत

 5 महीनों में 9 मौतें
 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 जून।
रायगढ़ जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र के गुर्दा क्षेत्र में मांड नदी में डूबने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई। आज सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में इन दिनों 50 से अधिक हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है। इसी दौरान गुर्दा क्षेत्र के पास नदी में एक शावक के डूबने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण पानी में डूबना बताया जा रहा है, हालांकि अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

ज्ञात हो कि केवल मई में ही डूबने से चार हाथी शावकों की मौत हो चुकी है। वहीं जनवरी 2026 से अब तक जिले में कुल 9 हाथी शावकों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही इन मौतों ने वन विभाग की निगरानी, ट्रैकिंग और हाथी प्रबंधन प्रणाली की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि हाथियों के बढ़ते विचरण क्षेत्र, जल स्रोतों के आसपास पर्याप्त निगरानी की कमी और मानव-हाथी संघर्ष वाले इलाकों में सुरक्षा उपायों की कमजोर व्यवस्था ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन सकती है। स्थानीय ग्रामीणों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों ने भी लगातार हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए व्यापक जांच और प्रभावी संरक्षण रणनीति की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। 


अन्य पोस्ट