ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 जून। रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की एक शाखा में रविवार रात को भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे बैंक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में शाखा का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया।
आगजनी से बैंक के दस्तावेजों, कंप्यूटरों और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का आधिकारिक आंकलन अभी नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे बैंक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। बैंक जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसके ऊपरी हिस्से में मकान मालिक मनोज प्रधान का परिवार और अन्य किरायेदार रहते हैं। धुआं दिखाई देने पर बैंक प्रबंधन को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार ने पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम ने आग पर काबू पाया।
प्राथमिक स्तर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
बैंक प्रबंधन के अनुसार, आग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य रिकॉर्ड जल गए हैं। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है।
घटना के बाद बैंक की तिजोरी की स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि तिजोरी या उसमें रखी सामग्री प्रभावित हुई है या नहीं।
पुलिस और प्रशासन के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। भवन में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। मामले की जांच जारी है।


