ताजा खबर

नेपाल की सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष का भारत दौरा, बीजेपी नेताओं से करेंगे मुलाक़ात
01-Jun-2026 8:50 AM
नेपाल की सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष का भारत दौरा, बीजेपी नेताओं से करेंगे मुलाक़ात

नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने सोमवार, एक जून को भारत दौरे पर आएंगे. यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दी है.

बीजेपी का कहना है कि लामिछाने का दौरा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के न्योते पर हो रहा है. लामिछाने के नेतृत्व में उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी आएगा.

यह प्रतिनिधिमंडल नितिन नबीन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाक़ात करेगा.

बीजेपी के मुताबिक़, इस दौरे का मक़सद आरएसपी और बीजेपी के बीच पार्टी-स्तरीय संवाद की शुरुआत करना है. साथ ही संगठनात्मक कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जन-केंद्रित राजनीतिक पहुंच जैसे विषयों पर चर्चा करना है.

रवि लामिछाने का भारत दौरा ऐसे वक़्त पर हो रहा है, जब नेपाल के प्रधानमंत्री और आरएसपी नेता बालेन शाह ने कहा है कि 'केवल भारत ने ही नेपाली क्षेत्रों पर अतिक्रमण नहीं किया है, बल्कि नेपाल ने भी भारतीय क्षेत्रों पर अतिक्रमण किया है.'

काठमांडू पोस्ट के मुताबिक़, रविवार को नेपाली संसद (प्रतिनिधि सभा) में बोलते हुए बालेन शाह ने यह बयान दिया है.

उन्होंने भारत के साथ सीमा विवाद पर भी बयान दिया है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट