ताजा खबर

कल से आंदोलनपर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार
31-May-2026 10:47 PM
कल  से आंदोलनपर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार

रायपुर। उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट, जिला सरगुजा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान घटित मारपीट के संबंध में आज तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने गहरा रोष एवं चिंता व्यक्त की है।

संघ द्वारा बताया गया कि  27 मई की घटना का ब्यौरा देते हुए कहा कि यह घटना केवल एक अधिकारी के साथ हुई व्यक्तिगत घटना नहीं है, बल्कि संपूर्ण राजस्व प्रशासन, न्यायालयीन व्यवस्था एवं विधिसम्मत प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गरिमा पर सीधा आघात है।

घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 29 मई  को प्रदेशव्यापी सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया था।  घटना के विरोध में प्रदेश के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों द्वारा भी खुलकर समर्थन व्यक्त किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ द्वारा निंदा एवं समर्थन प्रस्ताव पारित करते हुए घटना की कड़ी भर्त्सना की गई है तथा शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है। इसी प्रकार राजस्व पटवारी संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा भी घटना की तीव्र निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्यवाही की मांग की गई है तथा छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की मांगों का पूर्ण समर्थन व्यक्त किया गया है।

छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की समस्त जिला कार्यकारिणियों द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार 1 जून से प्रदेश के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनिश्चितकालीन कलमबंद, कामबंद एवं सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।


अन्य पोस्ट